कला राजनीति की कटुता को कम करने का सशक्त माध्यम है |
जन प्रिय लोकगायक जीत सिंह नेगी के दुखद निधन पर चिर प्रतिद्वंदी कांग्रेस और भाजपा ने उनके प्रति शोक व्यक्त किया है |
मुख्यमंत्री ने जीत सिंह नेगी के निधन पर जताया शोक
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने उत्तराखण्ड के लोकगायक और गीतकार श्री जीत सिंह नेगी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
लोक गायक जीत सिंह नेगी के निधन पर कांग्रेस ने जताया शोक
उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप और महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने उत्तराखंड के दिग्गज लोक गायक 94 वर्षीय जीत सिंह नेगी के निधन पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है।
कांग्रेस नेताओं की ओर से प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने उक्त बयान को जारी करते हुए कहा कि जब वे छोटे ही थे जीत सिंह नेगी ने उनके आवास पर अब से करीब 30 साल पहले एक महीना गुजारा था।
उन्हें याद है कि वह महीना उनके परिवार में गढ़वाली गीतों, उत्तराखंडी संस्कृति और उनकी शानदार मधुर आवाज की ऐतिहासिक स्मृतियों के दिन थे ।
उन्होंने कहा जीत सिंह नेगी की आवाज उत्तराखंड में बहती गंगा और जमुना की कल- कल ध्वनि से मिलती हुई आवाज थी।
जो कि मन और मस्तिष्क को एक अजीब ठंडक और शांति देती थी।
स्वर्गीय जीत सिंह नेगी को वे कभी भुला नहीं पाएंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री से उनकी स्मृति में गढ़वाल मंडल मुख्यालय पौड़ी में एक शानदार स्मारक बनाए जाने की मांग की है।