काशीपुर। पुत्री के प्रेम विवाह से नाखुश बसपा जिलाध्यक्ष (ऊधमसिंह नगर) ने बेटी और दामाद को गोली मार दी।
पुलिस ने आरोपी जिलाध्यक्ष विनोद गौतम समेत तीन लोगों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया जबकि एक आरोपी अब तक फरार है।
बसपा नेता की बेटी ने कुछ दिन पूर्व सैदनगर निवासी प्रशांत से प्रेम विवाह कर लिया था।
इस बात से बसपा नेता का परिवार नाखुश था।
प्रशांत कुछ माह पूर्व ही पीएसी में भर्ती हुआ है।
इन दिनों वह बरेली में ट्रेनिंग कर रहा है।
वह अपने घर आया हुआ था।
सात सितंबर को बसपा नेता, अपने भाई महावीर और बेटे रविकांत आदि को लेकर सैदपुर पहुंच गए।
वह बेटी पर घर लौटने के लिए दबाव बनाते रहे।
तीन दिनों तक दोनों पक्षों में वार्ता चलती रही लेकिन बेटी कामिनी घर लौटने को तैयार नहीं हुई।
पति प्रशांत भी कामिनी को वापस भेजने के पक्ष में नहीं था।
इस मामले को लेकर 10 सितंबर की रात गांव में पंचायत हुई
लेकिन नवदंपति की जिद के चलते बसपा नेता के सारे प्रयास विफल हो गए।
गुस्से में आ कर बसपा जिलाध्यक्ष ने शुक्रवार रात प्रशांत के घर में घुसकर
अपनी लाइसेंसी पिस्टल से बेटी और दामाद को गोली मार दी।
दोनों को आनन-फानन में रामपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहां से उन्हें हायर सेंटर मुरादाबाद रेफर किया गया है।
पीएसी जवान प्रशांत के पिता रामअवतार की तहरीर पर पुलिस ने विनोद गौतम, उनके बेटे रविकांत और भाई महावीर पर केस दर्ज कर लिया।
यूपी के रामपुर जिले में पारिवारिक विवाद में हुई फायरिंग के आरोप की जद में आए बसपा जिलाध्यक्ष
विनोद कुमार गौतम को निष्कासित कर दिया गया है।
विनोद कुमार गौतम की जगह अरविंद कुमार गौतम को नया जिलाध्यक्ष घोषित किया गया है।
विनोद कुमार गौतम को अनुशासनहीनता के आरोप में निष्कासित किया गया है।