महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने रविवार को दूसरी सबसे बड़ी पार्टी शिवसेना को सरकार बनाने का न्योता दिया। उन्होंने यह कदम भाजपा की ओर से सरकार बनाने से इनकार करने के कुछ घंटे बाद उठाया।
राजभवन के अधिकारी ने बताया, ‘‘शिवसेना को सोमवार ,11 नवंबर, शाम साढ़े सात बजे तक सरकार बनाने पर अपने रुख की जानकारी देनी होगी।
उल्लेखनीय है कि 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 105, शिवसेना को 56 सीटों पर जीत मिली है। विपक्षी कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को क्रमश: 44 और 54 सीटों पर जीत मिली है और राज्य में सरकार बनाने के लिए 145 विधायकों के समर्थन की जरूरत है।
महाराष्ट्र में सरकार नहीं बनाने की भाजपा की घोषणा पर शिवसेना के नेता संजय राउत ने रविवार को कहा कि पार्टी किसी भी कीमत पर राज्य में अपना मुख्यमंत्री बनाएगी।
राउत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘महाराष्ट्र में किसी भी कीमत पर शिवसेना का मुख्यमंत्री बनेगा। उद्धव ठाकरे ने रविवार को पार्टी विधायकों से कहा कि मुख्यमंत्री शिवसेना का ही बनेगा।’’
भाजपा ने रविवार को कहा कि उसके पास अकेले दम पर बहुमत नहीं है, इसलिए वह महाराष्ट्र में सरकार नहीं बनाएगी।
राउत ने कहा, ‘‘भाजपा का मुख्यमंत्री कैसे बनेगा, जबकि वह सरकार बनाने का दावा भी पेश नहीं कर रही है।’’