उत्तराखंड में रुड़की के मेयर गौरव गोयल आज 12 निर्दलीय पार्षदों के साथ देहरादून में भाजपा में वापसी करेंगे।
चुनाव जीतने के बाद से ही उनकी वापसी के कयास लगाए जा रहे थे
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने उनकी पार्टी में वापसी की पुष्टि की है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू को गोयल की घर वापसी का सूत्रधार माना जा रहा है। हालांकि मेयर बनने के बाद से गोयल भी घर वापसी की राह तलाश रहे थे।
रुड़की नगर निगम के मेयर और 40 पार्षदों का चुनाव 22 नवंबर 2019 को हुआ था। भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय मैदान में उतरने वाले गौरव गोयल मेयर बने थे जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रीशू राणा दूसरे और भाजपा प्रत्याशी मयंक गुप्ता तीसरे स्थान पर थे।
भाजपा में जिला महामंत्री समेत कई पदों पर रह चुके गौरव गोयल लंबे समय से मेयर का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन पिछले साल हुए चुनाव में पार्टी ने उनकी दावेदारी को नकार वरिष्ठ नेता मयंक गुप्ता को टिकट दिया था। गौरव गोयल निर्दलीय चुनाव लड़े और जीत भी गए। उस समय उन्हें भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था।
मैं शुरू से ही भाजपा की विचारधारा का कार्यकर्ता हूं। सदैव मैंने भाजपा और संघ की नीतियों का प्रचार-प्रसार किया। कुछ परिस्थितियां ऐसी बन गई थीं कि मुझे निर्दलीय चुनाव लड़ना पड़ा। जनता ने भी मुझे भाजपा का असली प्रत्याशी मानकर चुनाव जिताया है। दोबारा अपने घर में लौट रहा हूं, बहुत प्रसन्न हूं।
-गौरव गोयल, मेयर, रुड़की