कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए मार्च में लॉकडाउन की घोषणा की गई थी।
इसके बाद अनलॉक द्वारा चरणबद्ध तरीके से देश को एक बार फिर पटरी पर लाने का प्रयास जारी है।
देश में 1 अक्टूबर से अनलॉक 5.0 की शुरुआत होगी।
इसके साथ ही अब यह अंदाजे लगाए जाने लगे हैं कि 1 अक्टूबर से शुरू होने वाले
अनलॉक के इस फेज में क्या-क्या खुलेगा और किस पर पाबंदी रहेगी।
लोगों में सबसे ज्यादा उत्सुकता स्कूल-कॉलेज, शैक्षणिक संस्थानों और सिनेमाघरों के खुलने को ले कर है।
हालांकि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इनकी स्थिति को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।
21 सितंबर से देश के कई राज्यों में आंशिक तौर से स्कूल खोले जा चुके हैं, लेकिन अभी भी अधिकतर राज्यों में स्कूल बंद हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि सरकार स्कूल कॉलेज को सुचारू रूप से खोलने के लिए अनलॉक 5.0 की गाइडलाइंस में नियम तय करेगी।
मल्टीप्लेक्स और पर्यटन को लेकर भी इस बार गाइडलाइंस जारी होने की उम्मीद है।
जैसे-जैसे त्योहारों का मौसम करीब आता जा रहा है, उम्मीद लगाई जा रही है कि केंद्र सरकार जनता के लिए और अधिक गतिविधियों को खोलने के लिए कई तरह की ढील दे सकती है।
9वीं से 12वीं क्लास तक के छात्रों के लिए स्कूल स्वैच्छिक आधार पर शुरू हो चुके हैं।
अगले महीने भी ऐसा ही जारी रहने की संभावना है।
कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए अगले महीने भी प्राथमिक कक्षाएं बंद रहने की ही उम्मीद है।
इसे ऑनलाइन मोड के माध्यम से ही जारी रखा जा सकता है।
अनलॉक 5.0 की गाइडलाइंस में हालांकि ऊपरी क्लास के बच्चों को पहले की तरह अनुमति मिल सकती है।
कई राज्यों ने स्कूलों को खोला है तो कइयों ने इसे बंद रखा है।
उधर, विश्वविद्यालयों और कॉलेजों ने प्रवेश परीक्षाएं शुरू कर दी हैं और नया शैक्षणिक वर्ष ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से शुरू हो सकता है।
अनलॉक 4.0 में रेस्तरां, मॉल, सैलून और जिम को फिर से शुरू करने की अनुमति दी गई थी।
अनलॉक 5.0 के दौरान अक्टूबर से सोशल डिस्टेंसिंग के साथ और अधिक आर्थिक गतिविधियों की अनुमति मिलने की उम्मीद की जा रही है।
अभी भी कई राज्यों में तमाम तरह के प्रतिबंध जारी हैं, जिसमें ढील की उम्मीद की जा रही है।
मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा सरकार से कई अनुरोधों के बावजूद, MHA ने सिनेमाघरों को फिर से शुरू करने की अनुमति नहीं दी है,
हालांकि 1 सितंबर से ओपन-एयर थिएटरों को शुरू करने की छूट दी गई थी।
उम्मीद की जा रही है कि ऐहतियात के साथ मल्टीप्लेक्स को भी खोलने की इजाजत मिल सकती है।
पर्यटन क्षेत्र अभी भी खुद को पुनर्जीवित करने के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन अक्टूबर से स्थिति बदल सकती है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश ने कुछ हिदायतों के साथ पर्यटकों के लिए अपने दरवाजे खोल दिये हैं।
अब हिमाचल प्रदेश जाने के लिए ई पास की जरूरत नहीं होगी,
वहीं उत्तराखंड जाने के लिए भी कोरोना टेस्ट और जरूरी क्वारेंटाइन पर छूट है।
इसके साथ-साथ कुछ दूसरे राज्य भी प्रतिबंधों में ढील दे सकते हैं।