देहरादून 18 जून
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गलवान घाटी में चीन के साथ हुई हिंसक झड़प में मारे गये भारतीय सेना के 20 जवानों को उनकी शहादत पर श्रद्धांजलि दी तथा इस घटना के विरोध स्वरूप चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग का पुतला जलाकर विरोध जताया।
प्रदेश युवा कांग्रेस महामंत्री संदीप चमोली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस भवन में एकत्र हुए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीमा पर शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद चीन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग के पुतले को आग के हवाले किया।
इस अवसर पर प्रदेश युवा कांग्रेस महामंत्री संदीप चमोली ने कहा कि पड़ोसी देश चीन द्वारा लगातार सीमा पर तनाव का माहौल बनाया जा रहा है।
चीनी सैनिकों द्वारा भारतीय सीमा में घुसने का प्रयास किया जा रहा है तथा भारतीय सैनिकों को उकसा कर सीमा पर तनावपूर्ण माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज केन्द्र की मोदी सरकार सीमाओं की रक्षा करने तथा आम नागरिकों को सुरक्षा और उनके सम्मान की रक्षा करने में पूर्णतः विफल साबित हो रही है।
गलवान घाटी की घटना उत्तराखण्ड, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश जैसे सीमावर्ती राज्यों के लिए भी चिंता का विषय है।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज भारत के सारे बाजार चीनी सामान से अटे पडे़ हैं तथा भारत के सभी बाजारों में चीनी सामान का कब्जा है।
उन्होंने कहा कि एक ओर चीन हमारे देश में अपना सामान बेच कर धन कमा रहा है वहीं दूसरी ओर उस धन का उपयोग हमारे सैनिकों पर गोली चलाने के लिए कर रहा है।
उन्होंने चीनी सामान के आयात तथा उसके पूर्ण रूप से बहिष्कार करने का भारत की जनता से अनुरोध किया।
विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन करने वालों में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेन्द्र शाह, महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, प्रदेश युवा कांग्रेस महामंत्री संदीप चमोली, प्रदेश सचिव जितेन्द्र नेगी, कमर खान ताबी, नवनीत कुकरेती, आयुश सेमवाल, मन्नू अग्रवाल, सिद्धार्थ पोखरियाल, विकास नेगी, सचिन त्रिवेदी, अंकित नितिन रावत, प्रिंस शर्मा, विरेन्द्र रावत आदि कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे।