ड्यूटी पर जाते समय सड़क हादसे में पुलिसकर्मी प्रमोद कुमार का निधन, तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

ड्यूटी पर जाते समय सड़क हादसे में पुलिसकर्मी प्रमोद कुमार का निधन, तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

एसएसपी हरिद्वार समेत पुलिस अधिकारियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, पुलिस परिवार में शोक की लहर

हरिद्वार। उत्तराखंड पुलिस परिवार के लिए दुखद खबर सामने आई है। कोतवाली झबरेड़ा में तैनात कॉन्स्टेबल चालक प्रमोद कुमार का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से हरिद्वार पुलिस परिवार में शोक की लहर है। वह अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को कॉन्स्टेबल चालक प्रमोद कुमार कोतवाली झबरेड़ा से ड्यूटी के लिए चौकी इकबालपुर जा रहे थे। इसी दौरान सैदाबाद के पास वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रमोद कुमार को तत्काल उपचार के लिए विनय विशाल चिकित्सालय, रुड़की ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मंगलवार, 20 अक्टूबर को एसएसपी हरिद्वार और अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने दिवंगत प्रमोद कुमार को ससम्मान शोक सलामी दी। परिजनों की उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान माहौल गमगीन रहा।

वर्ष 1998 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए प्रमोद कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के निवासी थे। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में रह रहे थे। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और तीन बेटियों के लिए यह क्षति अपूरणीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *